मंडल रेल प्रबंधक द्वारा जेतलसर, जूनागढ़ एवं सोमनाथ रेलवे स्टेशन तथा संबंधित रेल खंड का व्यापक निरीक्षण
दिनांक 13 एवं 14 मार्च 2026 को भावनगर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री दिनेश वर्मा द्वारा जेतलसर, जूनागढ़ एवं सोमनाथ रेलवे स्टेशनों तथा संबंधित रेल खंड का व्यापक निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत उन्होंने धोला, जेतलसर जंक्शन, वडाल, केशोद, मालीया हाटीना, आद्री रोड, जूनागढ़, वेरावल तथा सोमनाथ रेलवे स्टेशनों का दौरा कर रेल परिचालन, संरक्षा व्यवस्था एवं यात्री सुविधाओं का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान जेतलसर स्टेशन को अमृत स्टेशन के रूप में विकसित करने तथा स्टेशन के भावी पुनर्विकास (रिडेवलपमेंट) की योजना को लेकर मंडल रेल प्रबंधक ने मंडल के शाखा अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। साथ ही सोमनाथ स्टेशन के मेजर रिडेवलपमेंट से संबंधित प्रगति कार्यों का निरीक्षण कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। मंडल रेल प्रबंधक ने गुजरात हैवी केमिकल लिमिटेड (GHCL) के अधिकारियों के साथ बैठक कर वेरावल से सवनी तक ब्रॉडगेज लाइन से कनेक्टिविटी स्थापित करने के विषय में विचार-विमर्श किया। धोला स्टेशन पर प्रस्तावित नए फुट ओवर ब्रिज (FOB) के निर्माण के संबंध में भी स्थल निरीक्षण कर इसकी व्यवहार्यता (फिजिबिलिटी) का आकलन किया गया। इसके अतिरिक्त वेरावल यार्ड को और अधिक आधुनिक एवं उन्नत बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों एवं संरक्षा नियमों का पूर्ण अनुपालन करते हुए समय-सीमा के भीतर शीघ्र पूर्ण किए जाएं, ताकि रेल परिचालन क्षमता में वृद्धि हो तथा यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मंडल रेल प्रबंधक द्वारा जेतलसर जंक्शन से सोमनाथ के मध्य स्थित स्टेशनों का विशेष संरक्षा निरीक्षण भी किया गया। इस दौरान ट्रैक संरचना, सिग्नलिंग प्रणाली, प्लेटफॉर्म व्यवस्था, यात्री सुविधाओं तथा सुरक्षा प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अपने निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, स्टेशन परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने तथा यात्री सुविधाओं में सतत सुधार सुनिश्चित करने हेतु निरंतर प्रयास करने पर विशेष बल दिया
EDITOR : DIPAKSINH VAGHELA, LIMBDI

.jpeg)

0 Comments